जानकारी के अनुसार, सनी निरंकारी ने पूर्व मुख्य नेत्र अधिकारी दिनेश शर्मा से संपर्क कर बताया कि राजू बेरी एवं उनका परिवार, चिनियट कॉलोनी निवासी स्वर्गीय अमरनाथ (सुपुत्र भूषण दास) की आंखें दान करना चाहता है। सूचना मिलते ही पूर्व मुख्य नेत्र अधिकारी दिनेश शर्मा ने आरआईओ इंचार्ज डॉ. आर.एस. चौहान से संपर्क कर टीम को वी केयर हॉस्पिटल भेजने का अनुरोध किया।
डॉ. चौहान ने तुरंत टीम गठित कर वी केयर हॉस्पिटल रवाना किया, जहां से स्वर्गीय अमरनाथ की आंखें सुरक्षित प्राप्त कर नेत्र बैंक में जमा करवाई गईं।
पूर्व मुख्य नेत्र अधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि सनी निरंकारी, अमरनाथ बेरी, हेमंत निरंकारी एवं रिंकू निरंकारी पहले भी नेत्रदान अभियानों में सक्रिय सहयोग करते रहे हैं। आज उन्होंने स्वर्गीय अमरनाथ की अंतिम इच्छा को पूरा करते हुए उनकी आंखें समाज को समर्पित कीं।
क्षेत्रीय नेत्र बैंक एवं स्वास्थ्य विभाग ने परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने नेत्रदान कर अपने पिता की अंतिम इच्छा को सम्मान दिया है। विभाग द्वारा रसम क्रिया के अवसर पर विशेष संदेशवाहक के माध्यम से शोक प्रस्ताव एवं प्रशंसा पत्र भेजकर परिवार को सम्मानित किया जाएगा।
नेत्रदान प्रक्रिया में पूर्व मुख्य नेत्र अधिकारी दिनेश शर्मा, नेत्रदान प्रेरक जगत सिंह गिल, राजेंद्र शर्मा, राजू बेरी, अमरनाथ बेरी, रवि बेरी, सुपुत्रियां सुमन एवं दीपा, वी केयर हॉस्पिटल के स्टाफ तथा नेत्रदान अभियान से जुड़ी संस्थाओं के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
पूर्व मुख्य नेत्र अधिकारी दिनेश शर्मा ने पंडित भगवत दयाल शर्मा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, रोहतक के नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. आर.एस. चौहान की ओर से भी परिवार एवं सहयोगी संस्थाओं का नेत्रदान हेतु धन्यवाद व्यक्त किया।