Tranding
Sunday, July 6, 2025

24JT News Desk / NEW DELHI /June 29, 2025

आज आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता रोहतक पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि पंजाब और गुजरात की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने दो सीटें जीती हैं, जिससे हरियाणा के कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह का संचार हुआ है।

हरियाणा / "हरियाणा में AAP का जोश: डॉ. सुशील गुप्ता ने कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह, संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प"

उन्होंने बताया कि गुजरात के विसावदर और पंजाब के लुधियाना वेस्ट में इस बार पार्टी की जीत का अंतर पिछली बार की तुलना में लगभग दोगुना रहा है। डॉ. गुप्ता ने कहा, "जो लोग कहते थे कि आम आदमी पार्टी खत्म हो गई है, उन्हें जनता ने करारा जवाब दिया है। जनता अब समझ चुकी है कि भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे से मिले हुए हैं। हरियाणा में केवल आम आदमी पार्टी ही विपक्ष की सशक्त भूमिका निभा रही है।"

उन्होंने हरियाणा की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली और पानी की व्यवस्था पूरी तरह ठप है। चोरी और बलात्कार जैसी गंभीर घटनाएं आम हो गई हैं। हरियाणा बेरोजगारी के मामले में देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा, "प्रदेश में भर्तियां निकलती ही नहीं, और यदि निकलती हैं तो पेपर लीक हो जाते हैं। मामला कोर्ट में जाता है और बाद में भर्ती रद्द कर दी जाती है। इससे प्रदेश का युवा न केवल बेरोजगारी का शिकार हो रहा है, बल्कि आयु सीमा के कारण नौकरी के लिए अयोग्य भी हो रहा है।"

इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश के संगठन मंत्री अश्वनी दुल्हेड़ा ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने के लिए कुछ विशेष उपाय सुझाए। इस मौके पर जगबीर हुडा, सोनू हनुमान, जसवंत अम्बेडकर, अमित खटक, शिव मोहन गुप्ता, सोनिया दत्त, अशोक निडाना, सतीश खनगवाल, शर्मिला, राम प्रकाश सुतवाल, संजय अहलूवालिया, समराज सक्सेना, अंजलि सक्सेना, सोनू तोमर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Subscribe

Tranding

24 JobraaTimes

भारतीय लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को बनाये रखने व लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए सवंत्रता, समानता, बन्धुत्व व न्याय की निष्पक्ष पत्रकारिता l

Subscribe to Stay Connected

2025 © 24 JOBRAA - TIMES MEDIA & COMMUNICATION PVT. LTD. All Rights Reserved.