Tranding
Thursday, July 2, 2026

News Desk / News Delhi /July 1, 2026

रोहतक। अंतरराष्ट्रीय डॉक्टर दिवस के अवसर पर शुगर मिल भाली में स्वर्गीय राकेश शर्मा की 11वीं पुण्यतिथि पर शर्मा परिवार की ओर से निःशुल्क नेत्र जांच, दंत जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ परिवार के सदस्यों तथा शुगर मिल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सभी ने स्व. राकेश शर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक योगदान को याद किया।

हरियाणा / अंतरराष्ट्रीय डॉक्टर दिवस पर स्व. राकेश शर्मा की स्मृति में नेत्र, दंत जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन

नेत्र जांच शिविर में पूर्व मुख्य नेत्र अधिकारी डॉ. दिनेश शर्मा ने कुल 218 मरीजों की आंखों की जांच की। सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, जबकि 118 लोगों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए। वहीं 15 मरीजों को आगे की जांच एवं ऑपरेशन के लिए पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (PGIMS), रोहतक तथा सामान्य अस्पताल भेजा गया।

दंत जांच शिविर में डॉ. अर्थ शर्मा ने 85 मरीजों के दांतों की जांच कर उपलब्ध सुविधाओं के अनुसार उनका उपचार किया।

रक्तदान शिविर में डॉ. प्रदीप, प्रभारी, ब्लड बैंक, सामान्य अस्पताल रोहतक एवं उनकी टीम ने 15 यूनिट रक्त एकत्र किया। एकत्रित रक्त का उपयोग सामान्य अस्पताल में जरूरतमंद एवं गरीब मरीजों के उपचार के लिए किया जाएगा।

शिविर के सफल आयोजन में स्व. राकेश शर्मा की दोनों बेटियों अंश शर्मा एवं डॉ. अर्थ शर्मा ने भी सक्रिय सहयोग दिया। इस अवसर पर उनके बड़े भाई चक्रवर्ती शर्मा, वेद प्रकाश आर्य, जय-जय नारायण, शुगर मिल के लेबर ऑफिसर जगत सिंह बुराने, वरिष्ठ समाजसेवी एवं नेत्रदान प्रेरक जगत सिंह गिल, सीनियर सिटीजन क्लब के प्रधान राजेंद्र शर्मा, रोशन लाल शर्मा, रेड क्रॉस के जिला प्रशिक्षण अधिकारी रवि दत्त कुमार, पंडित नवीन वशिष्ठ सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं शुगर मिल के कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर के समापन पर शर्मा परिवार की ओर से सभी सहयोगियों एवं अतिथियों को सम्मान स्वरूप पौधे भेंट किए गए।

इस अवसर पर लेबर ऑफिसर जगत सिंह बुराने ने कहा कि स्व. राकेश शर्मा का शुगर मिल में आयोजित होने वाले सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में अतुलनीय योगदान रहा है। विशेष रूप से रक्तदान शिविरों तथा किसी भी मेडिकल आपातकालीन स्थिति में मरीजों की सहायता के लिए वे सदैव अग्रणी भूमिका निभाते थे। उन्होंने कहा कि परिवार द्वारा उनकी स्मृति में आयोजित यह नेत्र जांच, दंत जांच एवं रक्तदान शिविर उनकी सेवाओं को सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने शर्मा परिवार का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित एवं समाजसेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

शर्मा परिवार की ओर से चक्रवर्ती शर्मा ने कहा कि परिवार आगे भी शुगर मिल के जनकल्याणकारी अभियानों में पूरा सहयोग देता रहेगा तथा स्व. राकेश शर्मा की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को नेत्र जांच, दंत जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन निरंतर किया जाएगा।

Subscribe

Trending

24 Jobraa Times

भारतीय लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को बनाये रखने व लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए सवंत्रता, समानता, बन्धुत्व व न्याय की निष्पक्ष पत्रकारिता l

Subscribe to Stay Connected

2025 © 24 JOBRAA - TIMES MEDIA & COMMUNICATION PVT. LTD. All Rights Reserved.